पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण भैंसानी बाइपास के पास तीन कारें आपस में भिड़ गईं। हादसे में वाहनों को नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी सवार सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के बूंदी जिले के तलवास गांव निवासी पवन शर्मा अपने परिवार के साथ हरिद्वार अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। जब उनकी कार भैंसानी बाइपास के निकट पहुंची, तभी घना कोहरा छा जाने से दृश्यता बेहद कम हो गई। इसी दौरान पीछे से देहरादून की ओर जा रहे गजेंद्र पाल (कड़ी विहार, नत्थूपुरा, बुराड़ी, दिल्ली) की कार उनकी गाड़ी से टकरा गई।

बताया गया कि उनके पीछे चल रहे मुजफ्फरनगर निवासी अनस की कार भी समय रहते ब्रेक नहीं लगा सकी और आगे की गाड़ियों से जा भिड़ी। देखते ही देखते तीनों वाहन आपस में फंस गए और क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया गया, ताकि यातायात सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों पक्ष आपसी सहमति से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

प्राथमिक तौर पर दुर्घटना का कारण घना कोहरा और कम दृश्यता माना जा रहा है।