मुजफ्फरनगर। खंड विकास कार्यालय ने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पंचायत सहायकों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया है। सहायक विकास अधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत मुझेडा सादात के पंचायत सहायक अजाज उलहक, बेहड़ा के शिवम और सिकंदरपुर के योगेश कुमार के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

एडीओ के अनुसार, हाल में पंचायत भवनों का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पंचायत भवन बंद मिले। ग्रामीणों ने भी शिकायत की कि पंचायत सहायक नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते और पिछले करीब तीन माह से अनुपस्थित चल रहे हैं।

इसके अलावा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रम ‘फार्मर रजिस्ट्री’ में भी इनकी प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। बताया गया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है और संबंधित कर्मचारियों को कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन कार्य में सुधार नहीं हुआ।

इन परिस्थितियों को देखते हुए तीनों पंचायत सहायकों को सेवा समाप्ति की संस्तुति के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय स्तर पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।