तितावी (मुजफ्फरनगर)। शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब तितावी शुगर मिल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से बचने की कोशिश में रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस में सवार करीब 50 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, शामली डिपो की रोडवेज बस (यूपी-19-एटी-1582) शामली से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। बस चालक सुशील कुमार वाहन चला रहे थे। जैसे ही बस तितावी शुगर मिल के निकट पहुंची, सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार में बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।
हादसे के साथ ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। इसी दौरान बस की चपेट में आकर हाईटेंशन लाइन का एक तार भी टूटकर नीचे गिर पड़ा। सौभाग्य से उस समय लाइन में करंट नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बस के पलटने से कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं और कुछ लोग घबराहट के कारण बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी यात्री खतरे से बाहर बताए गए हैं।
यात्री रीतू ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का अवसर नहीं मिला। बस पलटते ही वह बेहोश हो गई थीं और होश आने पर उन्होंने अपने पास पुलिसकर्मियों को खड़ा पाया।
पुलिस ने घटना की जानकारी शामली रोडवेज डिपो के अधिकारियों को दे दी है और चालक-परिचालक से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।