बरेली के नवाबगंज के एक युवक पर नेपाल की युवती को शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाने और उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। युवती का कहना है कि आरोपी उसे विदेश ले गया और गोवा तथा मुंबई में उसके साथ रहकर उससे मारपीट करता रहा। चार दिन पहले आरोपी ने उससे तीन लाख रुपये और दो मोबाइल फोन छीन लिए और पीटकर घर से निकाल दिया।
पीड़ित युवती, जो झापा (नेपाल) की रहने वाली है, रविवार को नवाबगंज थाने पहुंची और तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती ने बताया कि पांच साल पहले आरोपी ने फोन कर संपर्क किया और खुद को नवाबगंज का निवासी बताया। फोन पर बातचीत के दौरान उसने युवती को शादी का झांसा दिया और प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोपी ने पहले उसे कुवैत ले जाकर वहां एक साल ठहराया, फिर गोवा में ले गया, जहां उसने एक रेस्टोरेंट खोला। युवती ने रेस्टोरेंट में निवेश किया था, लेकिन आरोपी ने उसके पैसे डुबा दिए।
इसके बाद आरोपी युवती को मुंबई ले गया, जहां युवती होटल में नौकरी करने लगी। युवती के अनुसार आरोपी अक्सर उससे मारपीट करता था। जब युवती ने अलग रहने की बात कही, तो आरोपी ने तीन लाख रुपये और दो मोबाइल फोन छीन लिए और उसे घर से बाहर निकाल दिया।
युवती ने तहरीर देने के बाद पुलिस से कोई मदद न मिलने पर कोतवाली के गेट पर हंगामा किया। पुलिस ने युवती को कोतवाली में बुलाकर पूरी जानकारी हासिल की।
घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष बाबूराम गंगवार और कार्यकर्ताओं ने भी कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है और युवती के साथ मारपीट मुंबई में हुई। आरोपी के परिजन नवाबगंज में रहते हैं, जबकि आरोपी मुंबई में मौजूद है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।