लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में शनिवार को उड़ान भरते ही तकनीकी समस्या आ गई, जिसके कारण पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग कराई। यह घटना लखनऊ के ला मार्टिनियर ग्राउंड से कौशाम्बी के लिए रवाना होने के कुछ ही मिनट बाद हुई।
हेलीकॉप्टर में धुआं भरने से हड़कंप
उपमुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, केबिन में अचानक धुआं भर गया। पायलट ने तुरंत नियंत्रण कक्ष (ATC) से संपर्क किया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए थे रवाना
केशव प्रसाद मौर्य कौशाम्बी में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए लखनऊ से उड़ान भर रहे थे। तकनीकी खराबी की जानकारी मिलते ही प्रशासन और उनके समर्थकों में हड़कंप मच गया।
सभी सुरक्षित
सभी यात्रियों और उपमुख्यमंत्री स्वयं सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने पुष्टि की कि किसी तरह की चोट या नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हेलीकॉप्टर की जांच के बाद ही आगे की उड़ानें संचालित होंगी।