बाड़मेर के प्रसिद्ध बिश्नोई परिवार और प्रयागराज की प्रतिष्ठित आईपीएस अधिकारी का नाम एक साथ जुड़ने जा रहा है। बरेली की एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा का रिश्ता संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के साथ तय हुआ है। दोनों परिवारों की आपसी मुलाकात के बाद विवाह की तैयारी पूरी कर ली गई है। शादी के कार्ड छप चुके हैं और तीन दिवसीय समारोह की बुकिंग भी हो चुकी है।

कौन हैं कृष्ण कुमार बिश्नोई

कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विश्वासपात्र अधिकारियों में शामिल हैं। राजस्थान के बाड़मेर के मूल निवासी कृष्ण कुमार बिश्नोई बिश्नोई परिवार से आते हैं। संभल में मस्जिद प्रकरण के समय चर्चा में आए थे।

कौन हैं अंशिका वर्मा

अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से प्रयागराज की निवासी हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद सेल्फ स्टडी से सिविल सेवा परीक्षा पास की। गोरखपुर में एएसपी रहने के बाद वर्तमान में बरेली में एसपी दक्षिणी के रूप में महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और तकनीकी पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। मार्च 2025 में उन्हें वुमेन आइकन अवार्ड से सम्मानित किया गया था।

तीन दिवसीय शादी का कार्यक्रम

विवाह समारोह 28 मार्च से शुरू होगा। इसके पहले महिला संगीत कार्यक्रम का आयोजन होगा। 28 मार्च को कृष्ण कुमार बिश्नोई बारात लेकर बाड़मेर के अपने निवास पहुंचेंगे। 29 मार्च को विदाई और 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में रिसेप्शन का आयोजन होगा।

इस समारोह में बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य सहित कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल होंगे। राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ राजनेता भी समारोह में शिरकत कर सकते हैं। इस शादी को दोनों राज्यों के चर्चित आईपीएस अधिकारियों का यादगार कार्यक्रम माना जा रहा है।