गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के इमलिया (विजहरा) गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्थानीय पुलिस ने बताया कि नवविवाहित सौतेली मां ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता त्रिवेणी मौर्य की पहली पत्नी का निधन हो चुका था। पहली पत्नी से उनकी बेटी अदिति थी। घर और बच्ची की देखभाल के लिए उन्होंने 25 जनवरी 2026 को सहजनवां इलाके से दूसरी शादी की थी। शादी के केवल एक महीने बाद यह खौफनाक घटना घटी।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले महिला ने बच्ची को तेल और सिंदूर लगाकर तैयार किया और फिर घर के अंदर बने देवस्थान में ले जाकर कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। कुछ लोग इसे बली देने की घटना भी मान रहे हैं।
घटना के समय बच्ची के पिता बाहर सो रहे थे। घर में हलचल देख त्रिवेणी मौर्य को शक हुआ। अंदर जाकर उन्होंने हत्या का भयानक दृश्य देखा। शोर मचाने पर आरोपी महिला भागने लगी, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।