हरिद्वार के दूधिया बंध पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। दो युवक स्नान करते समय गंगा में डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस और जल पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

करीब सवा घंटे के प्रयास के बाद दोनों युवकों के शव गंगा से निकाल लिए गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार मृतक दोनों दोस्त थे और हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आए थे। उनकी पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (43), पुत्र राजनाथ त्रिपाठी, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद और सचिन त्यागी (39), पुत्र जगजीत सिंह त्यागी, निवासी राजनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने पुष्टि की कि दोनों शव बरामद कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।