रायबरेली: हरचंदपुर कस्बे में गंगेश्वर मंदिर के प्रांगण के पास लंबे समय से जारी गुमटियों की अवैध कब्जेदारी को लेकर मंगलवार को व्यापारियों और प्रशासन के बीच तीखी बहस हुई। व्यापारियों ने थाने पहुंचकर नायब तहसीलदार राम शंकर मिश्र को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले मांगलिक कार्यक्रम और शुभ अवसर बाधित न हों।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नायब तहसीलदार और व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और कोर्ट के आदेश के बिना कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि अवैध गुमटियों को हटाने की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई, तो वे महाशिवरात्रि का पर्व नहीं मनाएंगे। इस पर नायब तहसीलदार ने कहा, "महाशिवरात्रि मत मनाइए," जिससे व्यापारियों में गुस्सा भड़क गया।

व्यापारी प्रशासन पर न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और कहा कि जब न्याय सुनिश्चित नहीं होगा, तो पर्व का आयोजन कैसे किया जाएगा। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह, आशीष अवस्थी, योगेश घिल्डियाल, अशोक त्रिपाठी सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद थे।

पुलिस को आदेश दिया गया है कि जब तक कोर्ट का फैसला नहीं आता, प्रांगण में लगी गुमटियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।