नई दिल्ली। संसद के हालिया सत्र के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर संसद की सीढ़ियों पर अचानक संतुलन खो बैठते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव तुरंत आगे बढ़कर थरूर को गिरने से बचाते हैं।

कैसे हुआ हादसा
वीडियो में देखा जा सकता है कि तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर फोन पर बातचीत करते हुए सीढ़ियों से उतर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ गया। पास में खड़े अखिलेश यादव ने तुरंत थरूर को पकड़ लिया, जिससे वह नीचे गिरने से बच गए। सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने भी तुरंत स्थिति का जायजा लिया। इस घटना में थरूर सुरक्षित रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई।

वीडियो ने मचाई हलचल
इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और सांसदों के बीच एक दूसरे की मदद की मिसाल के रूप में चर्चा में है।

संसद का माहौल
यह घटना उस समय हुई जब संसद में सत्ता और विपक्ष के बीच माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। हाल ही में लोकसभा में हंगामा करने के आरोप में आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित किया गया है। निलंबित सांसदों में हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वरिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, प्रशांत यादवराव पडोले, चमला किरण कुमार रेड्डी, डीन कुरियाकोस और सीपीआई(एम) के एस वेंकटेसन शामिल हैं।