सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क टावर से बैट्री बैंक चोरी कर भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस की जीप को टक्कर मार दी और मौके पर स्कॉर्पियो छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे कुछ बदमाश स्कॉर्पियो वाहन से गांव ताजपुरा के पास स्थित एक मोबाइल टावर पर पहुंचे थे। यहां से उन्होंने बैट्री बैंक चोरी किया और मौके से भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी और तेजी से जंगल की ओर भाग निकले।

टक्कर से पुलिस जीप को नुकसान पहुंचा, जिसमें उसका शीशा और कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल पीछा किया और जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरे और घने इलाके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।

मौके पर छोड़ी गई स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर पुलिस को हरियाणा नंबर की तीन फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं, जिससे मामले में फर्जीवाड़े की आशंका और गहरी हो गई है।

पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।