सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र स्थित इस्सापुर गांव में काबज सिंह औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं महाविद्यालय के सुरक्षा कर्मी आदित्य खटाना की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, कुंडा-बिडौली मार्ग पर चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शामली जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र के अमलापुर गांव निवासी आशू के रूप में हुई है। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें लगातार जांच में जुटी हुई थीं।

गौरतलब है कि 9 मई की सुबह संस्थान के पास खेत में आदित्य खटाना का खून से लथपथ शव मिला था। शव पर धारदार हथियार से कई गंभीर वार के निशान पाए गए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक के परिजनों ने आरोपी आशू को नामजद करते हुए अन्य लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और आदित्य पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई।

आरोपी के अनुसार, 8 मई की रात वह चाकू लेकर संस्थान पहुंचा और बातचीत के बहाने आदित्य को बाहर खेत की ओर ले गया। वहां उसने उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।