सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में एक गोकशी के आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

जानकारी के अनुसार, सीओ सदर मुनीष चंद्र ने बताया कि रात करीब 11 बजे प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सबरीपुर क्षेत्र के नदी वाले रास्ते पर दो युवक बाइक पर संदिग्ध हालत में आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें खुजनावर गांव निवासी इनाम के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी अनीश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।