संभल के डीएसपी रहे अनुज चौधरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने संभल जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में सीजेएम कोर्ट के आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है, जिसमें अनुज चौधरी और 22 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश था। मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।

सीजेएम कोर्ट ने सर्वे के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी और अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके खिलाफ अनुज चौधरी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और राज्य सरकार ने भी इस फैसले को चुनौती दी थी।

हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान आदेश पर रोक लगाते हुए कहा कि अगली सुनवाई तक एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया रोक दी जाए। इससे अनुज चौधरी और अन्य पुलिस अधिकारियों को अस्थायी राहत मिल गई है। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अगली सुनवाई के बाद तय होगी।