प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मऊआइमा थाना पुलिस ने गुरुवार शाम शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी नितेश कटियार (पुत्र सुरेंद्र कटियार) को हिरासत में लिया। आरोपी शाहजहांपुर नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला एक व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि मऊआइमा क्षेत्र के बरई गांव निवासी पवन कुमार चौरसिया के नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और धमकी भरा संदेश प्रसारित किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले मोबाइल नंबर के आधार पर पवन चौरसिया को पूछताछ के लिए बुलाया। पवन, जो एक इंजीनियर हैं, ने बताया कि उन्होंने शादी के लिए एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी, जहां उनकी पहचान शाहजहांपुर के नितेश कटियार से हुई थी। दोनों के बीच रिश्ता तय हुआ था, लेकिन बाद में पवन के परिवार ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया।
इसी विवाद से नाराज होकर नितेश कटियार ने कथित तौर पर पवन को फंसाने की साजिश रची। आरोप है कि उसने पवन के मोबाइल नंबर को टैग करते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरा संदेश पोस्ट किया, ताकि मामला पवन पर आ जाए।
पवन चौरसिया की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने नितेश कटियार को गिरफ्तार कर लिया।
मऊआइमा थाने के इंस्पेक्टर राममूर्ति यादव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।