उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया। राज्य के सात जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जबकि बुंदेलखंड और दक्षिणी इलाके लू की चपेट में सबसे अधिक रहे।

बांदा एक बार फिर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर चली पुरवाई हवाओं ने गर्मी की तीव्रता और बढ़ा दी, जिससे ‘फील लाइक’ तापमान और हीट इंडेक्स में भी इजाफा हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में लू और अत्यधिक गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 23 अन्य जिलों में भी प्रचंड गर्मी की चेतावनी दी गई है। कई इलाकों में रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर भारत से मणिपुर की ओर एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिसके कारण पूर्वी हवाएं सक्रिय हैं। इन हवाओं ने आभासी गर्मी को और अधिक बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वी और दक्षिणी यूपी में भीषण लू का असर जारी रह सकता है।

मानसून की प्रगति से राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 3–4 दिनों में इसके केरल पहुंचने की संभावना है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बनी अनुकूल परिस्थितियां मानसून की रफ्तार को समर्थन दे रही हैं। यदि मानसून समय से पहले आगे बढ़ता है, तो देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है।

रेड अलर्ट वाले जिले

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर और आसपास के क्षेत्र लू के रेड अलर्ट की जद में हैं।