शाहजहांपुर: फिल्मी दुनिया में अपनी अदाकारी से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों जेल में चेक बाउंस मामले में सजा काट रहे हैं। उनके कठिन समय में शाहजहांपुर के लोग अलग-अलग तरीकों से उनका समर्थन कर रहे हैं, और इनमें से एक मदद दिल को छू लेने वाली है।

मोहल्ला बिजलीपुरा स्थित गुरुकुल सेवा ट्रस्ट के छात्रों ने अपनी पॉकेट मनी को गुल्लक में जमा करके अभिनेता को आर्थिक सहायता भेजी। इस पहल में स्वयंसेवी संस्था के अध्यक्ष कुमार ने छात्रों को मार्गदर्शन दिया। गुल्लक और पैसों के साथ छात्रों ने राजपाल यादव के नाम एक पत्र भी लिखा।

बच्चों का पत्र

छात्रों ने पत्र में लिखा:

"राजपाल भैया, आपको ढेर सारा प्यार। हम सभी बच्चे गुरुकुल सेवा ट्रस्ट, बिजलीपुरा (शाहजहांपुर) में पढ़ते हैं। आपकी फिल्मों ने हमें हमेशा हंसाया है और आज हम आपके साथ खड़े हैं। हमारे गुरुजी ने बताया कि आपको इन दिनों पैसों की जरूरत है। इसलिए हम सबने अपनी पॉकेट मनी इस गुल्लक में डालकर आपको भेजी है। आप इसे फोड़कर अपना कर्ज चुका दीजिएगा। हम सब भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि आप जल्दी अपने घर लौट आएं। हम फिर आपसे मिलने की उम्मीद रखते हैं। इन मुश्किल समय में हम सब आपके साथ हैं।"

छात्रों की यह मासूम और सकारात्मक पहल दर्शाती है कि छोटी उम्र में भी बच्चों में सहानुभूति और समाज सेवा की भावना कितनी गहरी हो सकती है।