शामली: कांधला कस्बे के रेल मंडी इलाके में शनिवार देर रात एक मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई और लाठी-डंडों तक पहुंच गई। एक पक्ष से राजू और उनका बेटा मोनू घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष के शिवम, ओम और हरिओम को भी चोटें आईं।

घायलों में मोनू की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

घायल मोनू के पिता राजू का आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवक नशे में थे और उन्होंने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनका कहना है कि इस हमले में उनका एक दांत टूट गया और बेटे के सिर पर गंभीर चोट लगी।

वहीं, दूसरे पक्ष के घायल शिवम ने दावा किया कि पहले उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और बाद में तेजधार हथियार से वार किया गया।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।