शामली शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटराड़ी निवासी सम्राट मलिक (35) गुरुवार सुबह अपने घर पर अचेत अवस्था में पाए गए। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शामली ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, सम्राट के चेहरे पर चोट के निशान थे और मुंह व नाक से खून निकल रहा था। इस वजह से परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
सम्राट मलिक पिछले लगभग छह वर्षों से विकास भवन में संविदा लिपिक के पद पर कार्यरत थे। होली के दिन, बुधवार को वह सुबह करीब 11 बजे बाइक से शामली गए थे।
उनके बड़े भाई विक्रांत ने बताया कि होली खेलने के बाद देर शाम दो युवक उन्हें बाइक पर घर छोड़कर गए थे। उस समय सम्राट अर्द्धबेहोशी की स्थिति में थे और उनके चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
गुरुवार सुबह जब सम्राट नहीं उठे, तो परिजनों ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन वे अचेत रहे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।