उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन महिलाओं की जान ले ली, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे-334 पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया।
बस का इंतजार कर रही थीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गांव मुर्शदपुर के पास यादव ढाबे के सामने हुई। कुछ महिलाएं सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही थीं, तभी अचानक तेज गति से आ रही कार बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में बृजनाथपुर निवासी सितारा (52) और सरोज शर्मा (60) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल शारदा पत्नी लेखराम ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एक महिला और बच्चा घायल
इस दुर्घटना में रूबी पत्नी पवन और उनका छह वर्षीय बेटा लविश भी घायल हो गए हैं। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी।