शामली। कैराना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बुच्चाखेड़ी से ऊंचागांव जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार नशा तस्कर अहसान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ 3 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, स्मैक सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है।

पूछताछ में सामने आया नेटवर्क

पूछताछ में अहसान ने अपना नाम अहसान निवासी गांव तीतरवाड़ा बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह सहारनपुर जनपद के थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव घाटमपुर निवासी सारिक से स्मैक खरीदता था। इसके बाद वह बाइक से विभिन्न स्थानों पर जाकर स्मैक की छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर बेचता था। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक भी उसी सप्लायर सारिक से खरीदी गई थी।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

अहसान के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के पांच मुकदमे दर्ज हैं।

शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अहसान और वांछित सप्लायर सारिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।