बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें युवक अफसर खान ने अपनी सास आसमां (54 वर्ष) और साले आदिल (20 वर्ष) की चाकू से हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, अफसर और उसकी पत्नी साइमा के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर सोमवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान ही अफसर ने अचानक चाकू से अपनी सास और साले पर हमला कर दिया। आरोपी ने दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पत्नी भी घायल, अस्पताल में भर्ती
परिजन दोनों को तुरंत निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के दौरान अफसर की पत्नी भी घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में
वारदात के बाद अफसर मौके से फरार हो गया। दोहरे हत्याकांड की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।