प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार सतर्कता बरत रही है। 12 से 17 मार्च तक पूरे प्रदेश में निरीक्षण और छापेमारी अभियान के दौरान एलपीजी वितरकों के खिलाफ 12 एफआईआर दर्ज की गईं। वहीं, कालाबाजारी में लिप्त अन्य व्यक्तियों के खिलाफ 74 एफआईआर दर्ज कराई गई।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 85 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि सख्ती और सतर्कता के कारण प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

प्रदेश के कुल 4108 एलपीजी वितरकों के पास बुकिंग के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। वितरकों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और जरूरत पड़ने पर घरेलू एलपीजी रिफिल तुरंत उपलब्ध कराई जा रही है।

वाणिज्यिक सिलेंडरों के लिए कुल खपत का 20 प्रतिशत आवंटन दिया गया है, ताकि बाजार में संतुलन बना रहे। शासन ने निर्देश दिए हैं कि जिला पूर्ति अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी लगातार फील्ड में भ्रमण कर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करें।