यूपी के एटा जिले के थाना सकरौली क्षेत्र के विनायक गाँव में मंगलवार को स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान करंट से 25 वर्षीय युवक अंकित की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने अवागढ़-टूंडला रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। पुलिस ने समझाइश के बाद करीब एक घंटे में यातायात बहाल किया।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत निगम के कर्मचारी स्मार्ट मीटर लगाने गए थे। इस दौरान अंकित वहां खड़ा होकर देख रहा था। कर्मचारियों ने उसे बिजली के तार इधर-उधर करने के लिए कहा। जैसे ही अंकित नंगे तार छूता है, उसे करंट लग गया और वह झुलसकर बेहोश हो गया। विद्युत कर्मचारी घटना स्थल से भाग गए। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

युवक की अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। अंकित की शादी सिर्फ 12 मार्च को हुई थी, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

विद्युत कर्मचारियों की लापरवाही पर गुस्साए ग्रामीणों ने जरानीकलां पुलिस चौकी के पास टूंडला रोड जाम लगा दिया। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने बताया कि एसडीओ जलेसर को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

मारहरा में कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, हाईवे जाम

मारहरा क्षेत्र के नगला भीम निवासी 44 वर्षीय राजपाल को मोहनपुरा-पिवारी मार्ग पर क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राजपाल को ग्रामीणों ने जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस घटना से नाराज लोगों ने हाईवे जाम किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। कार चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया।