लखनऊ। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने मुरादाबाद से आईएसआईएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहारनपुर निवासी 19 वर्षीय हारिस अली पुत्र रियासत अली के रूप में हुई है। हारिस अली बीडीएस का द्वितीय वर्ष का छात्र है और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने में सक्रिय था।
इंस्टाग्राम और एन्क्रिप्टेड एप्स पर था सक्रिय
एटीएस को विश्वसनीय सूत्रों से लगातार जानकारी मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों में कुछ लोग इंस्टाग्राम और अन्य एन्क्रिप्टेड एप्स के जरिए आईएसआईएस की विचारधारा का प्रचार कर रहे हैं और नए लोगों को संगठन से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एटीएस ने गहन भौतिक और डिजिटल निगरानी शुरू की।
जांच में यह पुष्टि हुई कि हारिस अली इंस्टाग्राम, सेशन और डिस्कार्ड जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म पर फर्जी नाम और वीपीएन का उपयोग कर आईएसआईएस समर्थित ग्रुप चला रहा था। इन ग्रुपों में वह संगठन की प्रचार सामग्री, पत्रिकाएं, वीडियो और आतंकियों से संबंधित सामग्री साझा करता था।
विदेशी संपर्क और कट्टरपंथी योजनाएं
एटीएस के अनुसार हारिस अली का संपर्क पाकिस्तान और अन्य देशों में सक्रिय आईएसआईएस हैंडलरों से भी पाया गया है। उसने ‘अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक अलग समूह भी बनाया था, जिसके जरिए वह अधिक से अधिक लोगों को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को स्वीकार नहीं करता और शरिया कानून आधारित खिलाफत व्यवस्था स्थापित करना चाहता है। इसके लिए वह अपने समूहों में लोगों को फिदायीन हमलों के लिए भी उकसाता था।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
एटीएस ने हारिस अली को न्यायालय में पेश कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही आरोपी के नेटवर्क में जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।