गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस की एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने तुरंत निलंबित कर दिया है। जीआरपी के एसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी राहुल कुमार बिहार के पटना का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार है। पीड़िता 22 वर्षीय युवती मऊ जिले की निवासी है, जो गोरखपुर में किराए के कमरे में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही थी। रविवार को वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी।
बलिया स्टेशन पर टिकट न मिलने के कारण वह ट्रेन में सवार हुई। आरोप है कि टीटीई ने टिकट जांच का डर दिखाकर पहले सीट दिलाने का भरोसा दिया और फिर एसी प्रथम श्रेणी कोच के केबिन में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के मुताबिक विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी। किसी तरह केबिन से बाहर निकलकर उसने 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद आरोपी देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
गोरखपुर पहुंचने पर युवती ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसके बयान और तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई और केस विवेचना के लिए देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी को निलंबित किया है। जीआरपी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से पटना और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता का मेडिकल और बयान देवरिया में होगा, जहां उसके परिवार के सदस्य भी पहुंच चुके हैं।