लखनऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी 2026 से शुरू हो रही है। इस बार छात्रों को परीक्षा में अंगूठी, माला या कोई भारी आभूषण पहनकर शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। बालिका विद्यालयों में महिला कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था की गई है और किसी भी परिस्थिति में पुरुष सदस्य बालिकाओं की तलाशी नहीं लेंगे।

क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अपर सचिव विनोद राय ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी नियम और मानक पहले से निर्धारित किए जा चुके हैं और उनका कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

मुख्य नियम और मानक

  • प्रधानाध्यापक प्रत्येक केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक होंगे।

  • हर केंद्र पर एक बाहरी केंद्र व्यवस्थापक की नियुक्ति होगी।

  • स्टाफ का 50 प्रतिशत बाहरी विद्यालयों से चुना जाएगा।

  • किसी भी अनियमितता पाए जाने पर केंद्र और व्यवस्थापक को हटाया जाएगा।

  • मेडिकल अवकाश के लिए जिले के सीएमओ से पुष्टि अनिवार्य है।

  • स्ट्रॉन्ग रूम पर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी रहेगी।

  • स्ट्रॉन्ग रूम की चाबियों में से एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास रहेगी, दूसरी चाबी केंद्र और बाहरी व्यवस्थापक के पास सुरक्षित रखी जाएगी।

  • सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को 6 महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा।

परीक्षा केंद्र पर निर्देश

  • केंद्र और व्यवस्थापक परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले पहुंचेंगे।

  • किसी परीक्षार्थी को केंद्र से भागते पाया गया तो उसका परिणाम रद्द होगा।

  • परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल परीक्षा अधिकारी और कर्मचारी को होगा।

  • परीक्षा के दौरान फोटोग्राफी और बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  • परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक होंगे और उन्हें अपना परिचय पत्र और आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा।

  • किसी विषय के शिक्षक उसी विषय के पेपर के निरीक्षक नहीं होंगे।

  • महिला निरीक्षक की उपस्थिति सचल दल में अनिवार्य है।

छात्रों के लिए नियम

  • केवल कक्ष निरीक्षक ही उत्तरपुस्तिका और ओएमआर शीट की जानकारी देंगे।

  • समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, देरी पर प्रवेश नहीं मिलेगा।

  • किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, हेडफोन, कैमरा या कैलकुलेटर के साथ प्रवेश निषेध है।

  • वॉलेट, हैंडबैग, लिखित कागज, ज्योमेट्री बॉक्स (यदि पारदर्शी न हो), भारी आभूषण और भोजन ले जाना प्रतिबंधित है।

  • उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पृष्ठ पर अनुक्रमांक और क्रमांक लिखना अनिवार्य है।

छात्रों के लिए तैयारी और सलाह

  • लंबे समय तक लगातार पढ़ाई से बचें; 45 मिनट पढ़ें और 5-10 मिनट ब्रेक लें।

  • सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखें।

  • अपने प्रदर्शन की तुलना दूसरों से न करें।

  • शरीर को फिट रखें, सुबह-शाम 10 मिनट टहलें।

  • रात में पढ़ाई करते समय कॉफी या चाय का सेवन न करें और पर्याप्त नींद लें।