कानपुर। उत्तर प्रदेश डायल-112 पर कॉल कर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, 1 जून को दोपहर 2:21 बजे पीआरबी देवीपुर में तैनात पुलिसकर्मी श्याममिलन को सूचना मिली कि रेउना क्षेत्र के मखौली गांव निवासी राममिलन ने डायल-112 पर कॉल कर कैबिनेट मंत्री को धमकी दी है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद देवीपुर चौकी प्रभारी अतेंद्र कुमार ने भोगनीपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में तकनीकी जांच भी शुरू कर दी है और कॉल डिटेल्स समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।

थाना प्रभारी सुमन दीक्षित ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।