लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने जून से सितंबर 2026 के बीच आयोजित होने वाली विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कैलेंडर से लाखों अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं की तैयारी की स्पष्ट दिशा मिल गई है।

आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति के मुताबिक, कृषि विभाग के तहत प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 2,759 पदों के लिए लिखित परीक्षा 9 अगस्त को आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। वहीं सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा भर्ती के 2,516 पदों की परीक्षा 23 अगस्त को कराई जाएगी।

इसके अलावा सहायक सांख्यिकी अधिकारी (ASO) और सहायक शोध अधिकारी (ARO) के कुल 1,565 पदों के लिए लिखित परीक्षा 26 जुलाई को प्रस्तावित की गई है।

वन विभाग से जुड़ी भर्तियों में वन रक्षक एवं वन्यजीव रक्षक के 728 पदों के लिए परीक्षा 27 सितंबर को होगी। वहीं आबकारी सिपाही के 722 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 20 सितंबर को निर्धारित की गई है।

अन्य भर्तियों की बात करें तो फार्मासिस्ट के 564 पदों की परीक्षा 29 जून, बीसीजी तकनीशियन के 255 पदों की परीक्षा 30 जून और सहायक बोरिंग तकनीशियन के 402 पदों की परीक्षा 12 जुलाई को आयोजित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कैलेंडर के अनुसार अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें और परीक्षा संबंधी किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से आयोग की सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।