इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश की जिला न्यायपालिका में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए 400 से अधिक न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए हैं। 10 अप्रैल को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियों और स्थानांतरण का आदेश दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को 15 अप्रैल तक नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रयागराज में बड़ा पुनर्गठन

प्रयागराज के न्यायिक ढांचे में इस फेरबदल के तहत कई नए अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि कई न्यायिक अधिकारियों को अन्य जिलों में भेजा गया है। विभिन्न जिलों से स्थानांतरित होकर आए आलोक यादव, विनय जायसवाल, विकास सिंह, देवाशीष, तन्वी सिंह और सत्यजीत सिंह को अलग-अलग न्यायिक जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।

वहीं प्रयागराज से बाहर भेजे गए अधिकारियों में अभिनव यादव (मिर्जापुर), श्लोक निरंजन (आगरा), दीप्ति यादव (कौशाम्बी), पुष्पेंद्र सिंह (गाजियाबाद), अविचल थमन (मिर्जापुर) और प्रतीक त्रिपाठी (प्रतापगढ़) शामिल हैं।

अपर जिला जज स्तर पर भी बड़े बदलाव

अपर जिला जज स्तर पर भी कई अहम स्थानांतरण किए गए हैं। मेरठ से जयेंद्र कुमार, लखनऊ से नीरज कुमार उपाध्याय और शाहजहांपुर से अनुराधा पुंडीर को प्रयागराज में अपर जिला जज के रूप में नियुक्त किया गया है।

कुशीनगर से स्थानांतरित शैलेंद्र मणि त्रिपाठी को प्रयागराज में महिलाओं से जुड़े अपराधों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का दायित्व दिया गया है। वहीं बरेली के विशेष न्यायाधीश कुमार मयंक को एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों की विशेष अदालत में तैनात किया गया है।

प्रयागराज से अन्य जिलों में भेजे गए अधिकारियों में अनीता (प्रथम) को बदायूं, दिनेश कुमार गौतम को मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी), मनोज मिश्रा (द्वितीय) को फतेहपुर और प्रदीप कुमार (चतुर्थ) को आगरा स्थानांतरित किया गया है।

स्थानीय स्तर पर बदलाव

प्रयागराज में सिद्धार्थ कुमार वागव और नीलिमा सिंह को परिवार न्यायालय में अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है।

दीप्ति यादव, जो पहले प्रयागराज में तैनात थीं, उन्हें कौशाम्बी में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सौम्या सिंह को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सत्येंद्र सिंह और आशीष कुमार को भी अन्य जिलों में स्थानांतरित किया गया है। वहीं बिजनौर से आए प्रकाश चंद्र शुक्ला को कौशाम्बी में अपर जिला जज बनाया गया है।

शाहजहांपुर से स्थानांतरित नरेंद्र नाथ पांडेय को कौशाम्बी में महिलाओं से जुड़े मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट की जिम्मेदारी दी गई है। कौशाम्बी से शीरीन जैदी को लखनऊ और बृजेश कुमार यादव को बहराइच भेजा गया है।

प्रतापगढ़ में नई तैनातियां

प्रतापगढ़ जिले में न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई नई नियुक्तियाँ की गई हैं। बाराबंकी से सबा फातिमा को सिविल जज (जूनियर डिवीजन), मथुरा से अफीफा इरफान को न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) और मुरादाबाद से अशोक कुमार-14 को लालगंज अजहारा में सिविल जज/न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है।

प्रतापगढ़ में कार्यरत शांतनु सिंह को अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि यतेंद्र पाल सिंह को बिजनौर स्थानांतरित किया गया है।

फास्ट ट्रैक और विशेष अदालतों में भी बदलाव करते हुए राहुल कुमार सिंह, प्रतीक त्रिपाठी, मयंक जायसवाल और अरुण कुमार (चतुर्थ) को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। वहीं अंशुमान द्विवेदी, सत्यजीत सिंह और सुनील कुमार सिंह सहित कई अन्य न्यायिक अधिकारियों का विभिन्न जिलों में स्थानांतरण किया गया है।