लूटकांड में वांछित लुटेरे ने गुरुवार को गाजीपुर एसपी ऑफिस में तख्ती लटकाकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसने तख्ती पर लिखा- एसपी साहब, मैं विशाल बिंद आत्मसमर्पण करने आया हूं, मुझे पुलिस से बचाइए, मैं अब अपराध नहीं करूंगा। पुलिस कर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दिया।

गाजीपुर एसपी रोहन पी बोत्रे के सख्त तेवर से अपराधियों पर पुलिस के बढ़ते दवाब से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। हाल के दिनों में कुख्यात अपराधियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार करना और संगठित अपराध को अंजाम देने वाले अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई कार्रवाई हो चुकी है। जिसे लेकर अपराधियों में दहशत की स्थिति बनी हुई है।

बिहार जा रहे आम लदे वाहन को लूटा था 
बीते 30 जून को नेशनल हाईवे के जसदेवपुर मोड़ के सहरमाडीह के पास बदमाशों टाटा मैजिक वाहन को लूट लिया था। वाहन में आम लदा हुआ था, जो बिहार जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने बीते 27 जुलाई को बसनिया चट्टी के पास से मैजिक वाहन को बरामद किया। साथ ही चार लुटेरों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था।इस मामले में एक और लुटेरा महराजगंज निवासी विशाल बिंद को पुलिस तलाश रही थी। लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस के बढ़ते दवाब को देखते हुए शातिर लुटेरे ने गुरुवार को एसपी कार्यालय में आत्मसर्पण कर दिया।

इस संबंध में एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि लूटकांड के अपराधी ने पुलिस कार्यालय में आकर आत्मसर्पण किया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।