बरेली शहर के नाम को लेकर फिल्म ‘धुरंधर-2’ विवादों में घिर सकती है। फिल्म के एक दृश्य में शहर का जिक्र अपमानजनक तरीके से किया गया है, जिसे लेकर स्थानीय नागरिक और राजस्व पार्षद राजेश अग्रवाल ने कड़ा एतराज जताया है।

पार्षद ने निर्माताओं को भेजा नोटिस

रामपुर गार्डन क्षेत्र के पार्षद राजेश अग्रवाल ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक आदित्य धर, लोकेश धर और ज्योति देशपांडे को कानूनी नोटिस भेजकर विवादित डायलॉग को तुरंत हटाने की मांग की है। पार्षद ने कहा कि इस तरह के संवाद सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास मात्र हैं और इससे बरेली शहर की छवि और नागरिकों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचती है।

बरेली की ऐतिहासिक पहचान

राजेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली सदियों से धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विख्यात रहा है। पांचाल नगरी और आला हजरत की धरती के रूप में शहर की गौरवशाली पहचान को मनोरंजन के नाम पर धूमिल करना कतई स्वीकार्य नहीं है।

चेतावनी और अगला कदम

पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि विवादित डायलॉग को तुरंत हटाया नहीं गया तो वे निर्माताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और मानहानि का दावा करने के लिए कानूनी कार्रवाई करेंगे। साथ ही, इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पार्षद ने इसे शासन स्तर पर भी उठाया है।