देहरादून: आईटी पार्क इलाके में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। दोनों छात्र एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 11:58 बजे देव कुमार (22) और रोनित विश्वास (19) बुलेट बाइक से धोरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे। आईटी पार्क चौक से पहले आदर्श एन्क्लेव गेट के पास बाइक अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में बाइक चालक देव कुमार और उसके साथ बैठे रोनित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस के जरिए मैक्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद देव कुमार को मृत घोषित कर दिया। रोनित की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती रखा गया, लेकिन बुधवार तड़के लगभग चार बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है।