उत्तराखंड के चमोली जनपद में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुलसारी-ढालू-मोणा मोटर मार्ग पर गुमता टनोली तोक के समीप एक कार गहरी खाई में जा गिरी, जिससे दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 1:30 बजे ऑल्टो कार (UK11TA 3880) अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से लगभग 250 मीटर नीचे खाई में जा समाई। वाहन में केवल दो लोग सवार थे, जिनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान दर्शन राम (54 वर्ष), पुत्र स्तुती राम, निवासी ग्राम पास्तोली, थराली और दिनेश चंद्र जोशी (60 वर्ष), पुत्र बलराम जोशी, निवासी ग्राम नैल, थराली के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
 
                 
                 
                 
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                     
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                        