मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर व्यवस्था, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और प्रदेश की कानून-व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 25, 26 और 27 अप्रैल को होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा का आयोजन पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा किया जा रहा है, इसलिए सभी स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए। नए जिलाधिकारियों को अपने-अपने मंडलायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने या गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित हो।

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के 74 जिलों में 41,424 होमगार्ड पदों के लिए यह परीक्षा तीन दिनों में दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्था के निर्देश

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शीतलता और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को धूप में अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो। जिला प्रशासन को सभी केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ स्थानों पर जातीय तनाव और अशांति फैलाने के प्रयासों के संकेत मिले हैं, ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और समय रहते प्रभावी कार्रवाई करे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता या औद्योगिक अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने आगामी दिनों में संभावित गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही बारूद गोदामों और आतिशबाजी इकाइयों का विशेष निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

पेट्रोलियम आपूर्ति और स्मार्ट मीटर व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट न फैले, क्योंकि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। नेपाल सीमा से लगे जिलों में कालाबाजारी और जमाखोरी पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर उठ रही आशंकाओं पर उन्होंने बताया कि इसके लिए विशेषज्ञ समिति गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट जल्द आएगी। तब तक सभी जिलों में फीडर-वार विशेष शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और लोगों को जागरूक किया जाए।