उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भीरी–ककोला मोटर मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि भीरी से औरिंग की ओर जा रहा एक वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ऊखीमठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में बचाव अभियान शुरू किया गया। अंधेरे और दुर्गम इलाके के बावजूद टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए खाई में उतरकर राहत कार्य किया।
रेस्क्यू के दौरान वाहन में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दो शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है, जबकि तीसरे शव को निकालने का प्रयास जारी है।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30), अंशुल (28) और अमित सिंह (35) के रूप में हुई है। तीनों ही रुद्रप्रयाग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।