नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से शिष्टाचार भेंट की और 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेला तथा नमामि गंगे से जुड़े विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तृत बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को जल्द से जल्द स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल तक इस महापर्व में देश और विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आने की संभावना है, इसलिए गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

धामी ने बाढ़ सुरक्षा के लिए 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि की स्वीकृति और इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार के लिए भी अनुरोध किया। इससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र की असिंचित भूमि में 665 क्यूसेक पानी उपलब्ध होगा, जिससे लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की पेयजल समस्या भी दूर होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक रूप दिया जाएगा तथा गंगा संरक्षण के प्रयास और अधिक मजबूत होंगे।