देहरादून: प्रेम नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात छात्रों के दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प में छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया था, जबकि अभी 11 अन्य फरार हैं।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस लगातार सभी फरार आरोपियों को पकड़ने में जुटी है। गिरफ्तार किए गए नए आरोपी का नाम अंकित भारद्वाज है और वह बिहार के गया जिले का निवासी है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का लक्ष्य है। जांच अधिकारियों का कहना है कि इस हिंसक झड़प में शामिल सभी लोगों को कड़ी कार्रवाई के तहत लाया जाएगा।