देहरादून। दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दून लिटरेचर फेस्टिवल का आज दूसरा दिन है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में पहुंचे और लेखक आग्रहरी ढींगरा की पुस्तक ‘लीडिंग लेडीज’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य भावनाओं, विचारों और अनुभवों को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है और यह सामाजिक व सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक विशेष रूप से महिलाओं को प्रेरित करेगी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सीएम धामी ने महिला सशक्तीकरण पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संस्कृति और परंपराओं को संजोये रखने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है और साहित्य एवं शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।