हरिद्वार: जीएसटी विभाग में तैनात एक डेटा एंट्री ऑपरेटर को विजिलेंस टीम ने 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी प्रमोद सेमवाल पर यह कार्रवाई हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के बाद की गई।

शिकायत में बताया गया कि हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री नामक फर्म, जो 2021 में बंद हो चुकी थी, के जीएसटी लागू होने से पहले के अंतिम तीन महीनों का वैट टैक्स विभाग ने 1,76,000 रुपये बताया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बकाया राशि को निपटाने के बहाने प्रमोद सेमवाल ने 1,20,000 रुपये नकद रिश्वत की मांग की थी और इसे किस्तों में देने के लिए कहा गया।

विजिलेंस टीम ने सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 कार्यालय, हरिद्वार के पास आरोपी को 20,000 रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। प्रमोद सेमवाल, जो सिद्धार्थ एंक्लेव, द्वारिका विहार, कनखल, हरिद्वार के निवासी हैं, पिछले लगभग 18 वर्षों से डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुराने वैट बिलों के निपटारे के नाम पर शिकायतकर्ता से लगातार पैसों की मांग करता रहा। विजिलेंस टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है।