टिहरी के भिलंगना ब्लॉक के मान्दरा बासर गांव के युवक हर्षित जोशी ने मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री एकेडमी (RIMC) की प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा पास कर उत्तराखंड के लिए एकमात्र सीट पर चयनित होकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

कठिन मुकाबले में हासिल किया सफलता

राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में कुल 36 सीटें होती हैं, जिनमें से उत्तराखंड के लिए केवल एक सीट आरक्षित रहती है। हर्षित का चयन इस प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है।

हर्षित ने प्रारंभिक तैयारी सैनिक ग्लोबल अकादमी, फरीदाबाद (हरियाणा) से की। सीमित समय में उन्होंने केंद्रित अध्ययन और अनुशासित दिनचर्या अपनाई। उन्होंने बताया कि देहरादून में इंटरव्यू भी सफल रहा। अंतिम चरण में छह बच्चों ने इंटरव्यू दिया, जिनमें हर्षित का चयन हुआ।

उच्च लक्ष्य और निरंतर प्रयास

विशेष बात यह है कि हर्षित का पहले सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में चयन हो चुका था, लेकिन उन्होंने उच्च लक्ष्य निर्धारित किया और RIMC की तैयारी जारी रखी, जिससे अंततः उन्हें सफलता मिली।

परिवार का सहयोग

हर्षित के पिता सूरत राम जोशी वर्तमान में जापान में एक होटल में कार्यरत हैं। मां पिंकी जोशी ने बेटे को लगातार प्रेरित किया और पढ़ाई में हर संभव सहयोग दिया। हर्षित के परिजन फिलहाल गुमानिवाला, ऋषिकेश में रह रहे हैं।