देहरादून। उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं के विकास, कार्यान्वयन और संचालन को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज विभागों, हितधारकों और पीपीपी कंपनियों के साथ पहली बोर्ड बैठक की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में चल रही और प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की स्थिति का व्यापक अवलोकन किया गया और जिलाधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

मुख्य सचिव ने रोपवे परियोजनाओं को प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और शहरी मोबिलिटी के लिए अहम बताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विजिबिलिटी स्टडी जैसी प्रारंभिक प्रक्रियाओं को उच्च स्तरीय समिति के समक्ष समय रहते प्रस्तुत किया जाए, ताकि सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श संभव हो सके।

विशेष रूप से देहरादून-मसूरी रोपवे परियोजना पर हुई देरी पर संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव ने इसे शीघ्र पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए। पीपीपी मोड में विकसित होने वाली रोपवे परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय और प्रशासनिक अनुमोदन सभी समयसीमा के अनुसार पूरी करने पर भी जोर दिया गया।