केदारनाथ यात्रा के दौरान बीती रात हुई भारी बारिश के चलते सोनप्रयाग–गौरीकुंड मार्ग पर तीन अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन हो गया, जिससे यात्रा मार्ग बाधित हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से तीर्थयात्रियों को कुछ देर के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाने और रास्ता साफ करने के लिए रातभर अभियान चलाया गया।
उच्च अधिकारियों ने लिया जायजा
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्थिति की समीक्षा की और लगातार घटनास्थल से अपडेट लेते रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग को जल्द से जल्द बहाल किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
30 मिनट में पैदल मार्ग चालू
प्रशासनिक टीमों ने मुश्किल हालात के बावजूद तेजी से कार्रवाई करते हुए लगभग 30 मिनट के भीतर पैदल मार्ग को आंशिक रूप से बहाल कर दिया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना किया गया और पूरी रात निगरानी जारी रही।
यात्रा जारी, श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी
प्रशासन के अनुसार, केदारनाथ धाम यात्रा सुचारू रूप से जारी है। अब तक 19 मई तक छह लाख 94 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।