देहरादून। जनजातीय क्षेत्र जौनसार में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल रोडवेज की यात्री बस गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 यात्री घायल हो गए। बस में कुल 36 यात्री सवार थे।

यह हादसा सुबह करीब 10 बजे क्वानू गांव के समीप हुआ। हिमाचल प्रदेश के चौपाल (शिमला) से पांवटा साहिब (सिरमौर) जा रही यह बस सामने से आ रहे एक ट्रक को रास्ता देने के दौरान सड़क के किनारे आ गई। इसी दौरान सड़क का किनारा अचानक धंस गया, जिससे बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस खाई में गिर गई।

बस के गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और एसडीआरएफ के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। ग्रामीण सुदोई खड्ड में उतरकर बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया।

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 17 घायलों को विकासनगर उप जिला चिकित्सालय, 12 को हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल, तीन को पांवटा साहिब जिला चिकित्सालय और एक को देहरादून के ग्राफिक एरा अस्पताल भेजा गया है। इनमें से 15 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 38 वर्षीय बेगम यास्मीन पत्नी नेक मोहम्मद (नेरवा, हिमाचल), 28 वर्षीय रिया पत्नी विरेंद्र और 50 वर्षीय धन बहादुर पुत्र करन के रूप में हुई है। धन बहादुर नेपाल मूल के थे, लेकिन लंबे समय से नेरवा में रह रहे थे।

प्रशासनिक कार्रवाई

संयुक्त मजिस्ट्रेट चकराता डॉ. हर्षिता सिंह ने बताया कि गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार यह मार्ग सिंगल लेन है और सड़क का हिस्सा कमजोर होने के कारण यह दुर्घटना हुई।

कहां-कहां भर्ती हैं घायल

उप जिला चिकित्सालय, विकासनगर

बलवीर सिंह (46), श्याम सिंह (65), कयुम (38), निधि राणा (18), गजल राणा (16), ईश्वर दत्त उर्फ ईशु शर्मा (36), पांशुल (डेढ़ वर्ष), अंजली (25), जावेद मोहम्मद (38), रजत (27), कृष्णा कुमार (31), विनोद कुमार (29), नेक मोहम्मद (48), प्रदीप (35)

लेहमन अस्पताल, हरबर्टपुर

घमंडु पंडित (55), विनोद कुमार (24), वीरेश कुमार (22), नरगिस (20), शहजाद (26), हुसैन अली (52), सुशांत (16), मोमिना (12), विजय कुमार (35), वीर सिंह (58)

ग्राफिक एरा अस्पताल, देहरादून

दिनेश कुमार शर्मा (55) – बस चालक

जिला चिकित्सालय, पांवटा साहिब

प्रगति (13), निशा (33), सुमित (19)