ज्योतिर्मठ। नगर पालिका के निर्माणाधीन भवन में नमाज़ पढ़ते हुए लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों को बुलाकर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की और पुलिस को निर्देश दिए कि किसी भी तरह की अशांति पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
नगर पालिका के मीट बाजार में बच्चों के लिए बनाए जा रहे टेबल टेनिस भवन में यह घटना हुई। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ मुस्लिम नागरिक भवन में नमाज़ अदा कर रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि वायरल वीडियो के बाद समुदायों के लोगों को बातचीत के लिए बुलाया गया और शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने बताया कि भवन निर्माणाधीन है और मुस्लिम समुदाय के लोगों को रोज़ा के दौरान दस दिन के लिए मौखिक अनुमति दी गई थी। इसके बाद भवन के कक्ष पर ताला लगाकर मुस्लिम समुदाय को अपनी व्यवस्था स्वयं करने के लिए कहा गया।
सभासदों की बैठक
इसी मुद्दे को लेकर शाम को नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह की अध्यक्षता में सभासदों की बैठक भी हुई। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि भवन में किसी भी प्रकार की विवादास्पद गतिविधियों को रोकने के लिए कदम उठाए जाएँ।
हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति
गोपेश्वर। ज्योतिर्मठ में वायरल वीडियो के बाद हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिले। बजरंग दल और एबीवीपी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में सार्वजनिक और सरकारी भवनों में किसी भी गैर-हिंदू धार्मिक गतिविधि पर रोक लगनी चाहिए। इस दौरान राकेश मैठाणी, पवन राठौर, रवि झिंक्वाण, आदर्श, सौरभ अग्रवाल, देव गौड़ और सुशील डिमरी मौजूद रहे।