देहरादून में 3-बी गार्डन का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया पौधारोपण

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली और बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कृष्णा वट के पौधे का रोपण भी किया।
यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। इसके तहत ऐसे पौधों की बड़े पैमाने पर रोपाई की जा रही है, जो परागण को बढ़ावा देने के साथ-साथ जैव विविधता को मजबूत करते हैं।
रसायनों पर प्रतिबंध, प्राकृतिक संतुलन पर जोर
उद्यान क्षेत्र में कीटनाशकों और हानिकारक रसायनों के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने की योजना है, ताकि प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित रह सके। सरकार का मानना है कि इससे पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मधुमक्खी पालन और जैव विविधता को मिलेगा बढ़ावा
इस 3-बी गार्डन के विकास से न केवल मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण और विस्तार में भी महत्वपूर्ण योगदान होने की उम्मीद है। साथ ही, यह परियोजना आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने पहले उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित को इस प्रकार का गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद उपयुक्त पौधों का चयन कर रोपण कार्य शुरू किया गया।
कई प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे
इस उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बांस, बॉटल ब्रश, टिकामा, जीनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हमेलिया, इक्जोरा, लैंटाना, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी और पुदीना जैसे पौधों का मिश्रित रूप से रोपण किया जा रहा है।
इसके अलावा, उच्च हिमालयी और पर्वतीय क्षेत्रों में पाए जाने वाले बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया जैसी प्रजातियों के पौधे भी पिछले वर्ष से लगाए जा रहे हैं, जो वर्तमान में स्वस्थ रूप से विकसित होकर परिसर की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य को और बढ़ा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.