कनाडा में रंगदारी और अपहरण के मामले में 4 भारतीय गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- कनाडा के कैलगरी शहर में जबरन वसूली से जुड़ा एक ऐसा अपहरण मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है।
- आरोपियों ने एक शख्स का अपहरण सिर्फ उसे निशाना बनाने के लिए नहीं किया, बल्कि उसे एक ‘चारे’ की तरह इस्तेमाल कर उसके दोस्त को घर से बाहर बुलाने की साजिश रची थी।
- हालांकि, उनकी यह पूरी योजना नाकाम हो गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
- कैलगरी पुलिस के अनुसार यह घटना दक्षिण एशियाई समुदाय से जुड़ी है और इसमें अपराध का तरीका बेहद असामान्य पाया गया है।
- पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर…
कनाडा के कैलगरी शहर में जबरन वसूली से जुड़ा एक ऐसा अपहरण मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। आरोपियों ने एक शख्स का अपहरण सिर्फ उसे निशाना बनाने के लिए नहीं किया, बल्कि उसे एक ‘चारे’ की तरह इस्तेमाल कर उसके दोस्त को घर से बाहर बुलाने की साजिश रची थी। हालांकि, उनकी यह पूरी योजना नाकाम हो गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
कैलगरी पुलिस के अनुसार यह घटना दक्षिण एशियाई समुदाय से जुड़ी है और इसमें अपराध का तरीका बेहद असामान्य पाया गया है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है।
एडमॉन्टन से बंदूक की नोक पर हुआ अपहरण
मामला 6 मई की शाम का है, जब एडमॉन्टन में एक घर के बाहर चार संदिग्धों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाया। आरोपियों ने उसे बंदूक दिखाकर अगवा किया और कार में डालकर कैलगरी ले गए। वहां पहले से कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे, जो एक सुनियोजित योजना के तहत इंतजार कर रहे थे।
कैलगरी पहुंचने पर आरोपियों ने पीड़ित को उसके दोस्त को फोन कर घर से बाहर बुलाने के लिए दबाव बनाया। लेकिन जब उसने ऐसा करने से मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान घर के अंदर मौजूद असली टारगेट और उसकी पत्नी किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश में जुट गए, लेकिन हथियारबंद लोगों ने उन्हें धमकाकर वापस घर में ही रोक दिया। बाद में उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
साजिश नाकाम, आरोपियों ने छोड़ा इलाका
पुलिस के मुताबिक जब आरोपियों को लगा कि उनकी योजना सफल नहीं हो रही है, तो वे मौके से फरार हो गए। अगली सुबह वे अपहृत व्यक्ति को वापस एडमॉन्टन ले जाकर उसके घर के पास छोड़ गए। बाद में पीड़ित ने भी पुलिस से संपर्क किया।
कैलगरी पुलिस ने बताया कि पीड़ित को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन घटना का मानसिक असर काफी गंभीर रहा है।
चार गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दक्ष गौतम (25), तरनवीर सिंह (24), प्रदीप सिंह (24) और आकाशदीप सिंह (18) के रूप में हुई है। सभी पर हथियार के साथ अपहरण, बंधक बनाना, हमला और घातक हथियार के इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। जांच के दौरान पुलिस ने एक अवैध रूप से तैयार हथियार (घोस्ट गन) भी बरामद किया है।
पुलिस अब 29 वर्षीय गगनदीप सिंह की तलाश कर रही है, जो कैलगरी का निवासी है। उसके खिलाफ वारंट जारी है और उसकी पहचान के लिए विशेष टैटू का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस भी हैरान
कैलगरी पुलिस का कहना है कि उन्होंने जबरन वसूली के लिए इस तरह के अपहरण का तरीका पहले कभी नहीं देखा। अधिकारियों के अनुसार यह मामला न केवल संगठित अपराध की ओर इशारा करता है, बल्कि इसमें हिंसा का स्तर भी बेहद गंभीर है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.