अजमेर: नीट पेपर बेचने के नाम पर साइबर ठगी का शक, पुलिस जांच में जुटी

अजमेर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) से ठीक पहले अजमेर में परीक्षा प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर छात्रों को ठगने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस संबंध में डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह ठाकुर ने पुलिस प्रशासन को मौखिक शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार, डीएवी कॉलेज की एक छात्रा के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि उसके पास NEET का प्रश्नपत्र उपलब्ध है और वह परीक्षा से पहले उसे उपलब्ध करा सकता है। जब छात्रा ने सबूत मांगा तो आरोपी ने वीडियो कॉल के जरिए कथित प्रश्नपत्र दिखाने का प्रयास किया।
इसके बाद आरोपी ने प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की और भुगतान के लिए एक QR कोड भी भेजा। बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से ही संपर्क में रहा और अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता रहा।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कृष्ण सिंह ठाकुर ने उसी नंबर पर संपर्क कर स्थिति की पुष्टि करने की कोशिश की, जिसके बाद संदेह और गहरा गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए यह मामला एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ तक पहुंचाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर, QR कोड और वीडियो कॉल में दिखाए गए कथित प्रश्नपत्र की वास्तविकता की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह मामला किसी संगठित गिरोह द्वारा चलाया जा रहा पेपर लीक रैकेट है या फिर प्रतियोगी परीक्षार्थियों को निशाना बनाने वाली साइबर ठगी का हिस्सा है।
एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ के अनुसार, पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, छात्र नेता कृष्ण सिंह ठाकुर ने NEET अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के पेपर लीक या प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के दावों पर भरोसा न करें। उन्होंने छात्रों को ऐसे संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑफर मिलने पर तुरंत पुलिस और साइबर सेल को सूचित करने की सलाह दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.