अंबाला में पिकअप और बस की भीषण टक्कर, बाइक सवार की मौत, 11 मजदूर घायल

अंबाला। पंजाब सीमा से सटे सरसिनी गांव के नजदीक शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और निजी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 11 मजदूर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों वाहनों की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है क्योंकि उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लालडू के फैक्टरी मजदूर थे सभी घायल
जानकारी के मुताबिक, घायल सभी 11 मजदूर लालडू क्षेत्र में किराए पर रहते हैं और वहां स्थित एक धागा फैक्टरी में काम करते हैं। ये सभी मजदूर रात की शिफ्ट पूरी करने के बाद निजी बस से अपने आवास की ओर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।
घायलों की पहचान आशीष (24), सचिन (18), मनोज (28), बलवंत (18), विनोद (28), धर्मेंद्र पासवान (36), राजेंद्र (55), विकास (25), बलविंदर कुमार (40), ओम प्रकाश (27) और समीर (18) के रूप में हुई है।
अस्पताल में इलाज जारी
सभी घायलों का अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.