फतेहाबाद: ठेके पर फायरिंग और गंडासे से हमला, लूटपाट में दो सगे भाई घायल

फतेहाबाद क्षेत्र के गांव घासवा में गुरुवार देर रात एक शराब ठेके पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलते हुए फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला कर सनसनी फैला दी। वारदात में करीब 30 से 40 हजार रुपये की लूट की गई, जबकि मौके पर मौजूद दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव कुला निवासी मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 2 जुलाई की शाम अपने भाई रणजीत सिंह से मिलने घासवा स्थित शराब ठेके पर पहुंचा था। रात करीब 9 बजे तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक के पास देसी पिस्तौल, दूसरे के हाथ में गंडासा और तीसरे के पास तलवार थी।
आरोप है कि बदमाशों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन ठेके का दरवाजा खुलवाया। अंदर घुसते ही पिस्तौलधारी ने दो राउंड फायर किए, जिससे मौके पर दहशत फैल गई। इसके बाद गंडासा लिए आरोपी ने रणजीत सिंह पर ताबड़तोड़ 5-6 वार किए, जिससे उसके दाहिने हाथ की कलाई गंभीर रूप से कट गई। बीच-बचाव करने आए मुकेश को भी चोटें आईं। इसी दौरान तीसरे आरोपी ने गल्ले में रखी नकदी निकाल ली और तीनों मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत रतिया के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल रणजीत सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.